Gua : कल्याण नगर ग्राम संगठन के गठन के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर समारोह आयोजित कर संगठन का पांचवां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां मनाई गईं। कार्यक्रम में पूर्वी मुखिया बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर संगठन की पदाधिकारी संजू कर्माकर, वंदना शर्मा, मीनू देवी, ललिता पड़ेया एवं जेंडर सीआरपी सहित ईसी सदस्य महादेवी सिन्हा, कल्पना बहादुर, आरती केसरी, अनुराधा राव, बसंती देवी, जवानी सैंडिल, पिंकी देवरी, अपरा लकड़ा समेत संगठन से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की एकजुटता और सामूहिक प्रयास से न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी अपने पैरों पर खड़ी होकर समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
पांच वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा
कार्यक्रम के अंत में कल्याण नगर ग्राम संगठन की पांच वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। महिलाओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा भविष्य में भी एकजुट होकर सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया।

















