टाटा स्टील से स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार; मुख्य सरगना राजा हेम्ब्रोम फरार

SHARE:

Saraikela : गम्हरिया स्थित टाटा स्टील कंपनी से स्क्रैप चोरी कर अवैध रूप से खपाने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज के पदभार संभालने के महज दो दिन बाद पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10.5 टन स्क्रैप और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना राजा हेम्ब्रोम समेत तीन आरोपी फरार हो गए।

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को झारगोविंदपुर रेलवे फाटक के पास अवैध रूप से स्क्रैप जमा किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। मौके से चार आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गए।


पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

निशांत कुमार पांडेय (26 वर्ष), निवासी महुलटांड, आदित्यपुर

नवीन प्रमाणिक (24 वर्ष), निवासी बलरामपुर, पुरुलिया

तुषार कुमार महतो (20 वर्ष), निवासी बड़गांव, खरसावां

अमित कुमार यादव (22 वर्ष), निवासी साईनगर, आदित्यपुर


चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार इस गिरोह का मुख्य सरगना राजा हेम्ब्रोम (30 वर्ष) है, जो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसके साथ कुलडीह निवासी विशाल गोराई (27 वर्ष) और निमपाड़ा निवासी कुलदीप सोरेन (25 वर्ष) भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन जब्त की, जिसमें लगभग 500 किलो स्क्रैप लोड था। इसके अलावा रेलवे फाटक के समीप करीब 10 टन स्क्रैप बरामद किया गया। कुल मिलाकर 10.5 टन स्क्रैप जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।


इस कार्रवाई में गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक, पु.अ.नि. अरुण कुमार महतो, स.अ.नि. रोपना राम काशी, बिशु उरांव, धर्मवीर कुमार पूरण एवं हवलदार रमेश चंद्र महतो शामिल थे।

Leave a Comment

और पढ़ें