साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

SHARE:

Saraikela : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में मुख्य रूप से झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने, खरसावां अंचल में पंजी-2 की ऑनलाइन प्रविष्टि नहीं होने, हाउसिंग बोर्ड की लीज भूमि पर अवैध कब्जा, राइट टू एजुकेशन (RTE) के तहत बच्ची का निजी विद्यालय में नामांकन, सीतारामपुर 30 MLD वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े उपभोक्ताओं को नल-जल कनेक्शन उपलब्ध कराने, आदित्यपुर-कांडरा-सरायकेला मार्ग की जर्जर सड़कों की मरम्मत, छऊ कला केंद्र के संचालन एवं संसाधनों की व्यवस्था, बंद पड़े विद्यालय भवनों के सार्वजनिक उपयोग तथा चांडील प्रखंड के सलवानी गांव में विद्युत एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

उपायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजनों की शिकायतों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ समाधान किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए।

जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे उपायुक्त के समक्ष रखने की व्यवस्था की सराहना करते हुए प्रशासन से त्वरित समाधान की उम्मीद जताई।

Leave a Comment

और पढ़ें