आठ आदिवासी ठेका मजदूरों के फाइनल सेटलमेंट की मांग, ठेकेदार से वार्ता

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JAMSHEDPUR: टाटा मोटर्स के वेंडर प्रदीप इंटरप्राइजेज में कार्यरत आठ आदिवासी ठेका मजदूरों के फाइनल सेटलमेंट की राशि दिलाने की मांग को लेकर सामाजिक सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने टेल्को स्थित ठेकेदार के कार्यालय में वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत ने किया।

राजेश सामंत ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा मजदूरों को लगातार पांच वर्ष तक नियमित ड्यूटी नहीं करने का हवाला देकर फाइनल सेटलमेंट राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मजदूरों के पांच वर्ष पूरे होने से पहले उन्हें दो-तीन महीने के लिए पीएफ और गेट पास से हटाने के बाद दोबारा ज्वाइन कराया जाता था।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से ठेकेदार के समक्ष मजदूरों के ज्वाइनिंग और गेट पास की तारीख के साथ-साथ ठेकेदार के खाते से मजदूरों के बैंक खातों में करीब आठ वर्षों तक नियमित भुगतान होने से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। वार्ता के दौरान ठेकेदार ने भुगतान से संबंधित प्रमाण देखने के बाद मजदूरों के फाइनल सेटलमेंट का भुगतान करने की बात कही।

राजेश सामंत ने कहा कि यदि इसके बावजूद मजदूरों को फाइनल सेटलमेंट की राशि का भुगतान नहीं किया गया तो टाटा मोटर्स प्रबंधन के समक्ष शिकायत दर्ज कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही श्रम मंत्रालय में शिकायत कर मजदूरों के वेतन और अधिकारों के कथित शोषण तथा दस्तावेजों में अनियमितता के आरोपों की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले वेंडर का लाइसेंस रद्द करने की मांग की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में झामुमो झारखंड आंदोलनकारी नेता छोटे सरदार, शिवलाल लोहरा, जितेंद्र ठाकुर, रूपम सिंह, सुधांशु कुमार समेत संबंधित सभी मजदूर मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.