Adityapur : सरायकेला के राजबांध महावीर अखाड़ा की ओर से आयोजित शोभायात्रा में शामिल होकर लौट रही एक झांकी रविवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। चाईबासा लौटते समय रात लगभग 2 बजे हंसाहड़ी बस्ती के पास झांकी लदी ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई।
ट्रॉली पर Chhatrapati Shivaji Maharaj की घोड़े पर सवार लगभग 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित थी। प्रतिमा के आकार और ऊंचाई के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे चाईबासा–टाटा मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तथा झांकी दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। बीच सड़क पर पलटी ट्रॉली और प्रतिमा को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह करीब 5 बजे सड़क से ट्रॉली और मलबा हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
इसके बाद मार्ग के दोनों ओर फंसे वाहनों का परिचालन शुरू हो सका। घटना के कारण देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।









