मानगो में घटिया सड़क निर्माण पर बवाल, संवेदक पर धमकाने का आरोप, उपायुक्त से शिकायत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर (मानगो) : बालीगुमा बगान क्षेत्र में बन रही पीसीसी सड़क में घटिया निर्माण को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट द्वारा स्वीकृत आठ इंच मोटाई की जगह केवल दो से चार इंच तक ही कंक्रीट की ढलाई किए जाने पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।



स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक ने नियमों को ताक पर रखकर सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती है। विरोध करने पर संवेदक ने लोगों को धमकाते हुए कहा कि “रुपया देकर काम लिया है, जिसे शिकायत करनी है कर ले।” इस धमकी से मामला और बिगड़ गया।



घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण और धमकी की जानकारी दी। विकास सिंह ने तत्काल आरसीडी के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने सीधे उपायुक्त अन्नय मित्तल को पूरी घटना की जानकारी दी।



उपायुक्त मित्तल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच का आश्वासन देते हुए संबंधित संवेदक और विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही। मौके पर विकास सिंह ने कहा, “राज्य सरकार के अधीन विभाग भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हैं। आठ इंच की जगह अगर सड़क दो से चार इंच में बनेगी तो जल्द ही क्षतिग्रस्त हो जाएगी और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।”



विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से नंदू प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, आनंद कुमार, जॉन कच्छप, भोला महतो, मिथिलेश कुमार, सोनू सिंह, पंकज विश्वकर्मा, शिव शंकर राय, उपेंद्र महतो, असित गोराई, राहुल डोगरा, भरत कुमार, पिंटू प्रसाद, आनंद वर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.