जमशेदपुर। सुवर्णरेखा परियोजना, आदित्यपुर स्थित कार्यालय सभागार में शुक्रवार को प्रशासक राजीव रंजन एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो की संयुक्त अध्यक्षता में सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के अंतर्गत भू-अर्जन एवं पुनर्वास से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजा, भू-अर्जन एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक सविता महतो ने प्रशासन एवं विभाग के समक्ष 19 सूत्री मांगपत्र प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित पुनर्वास, मुआवजा, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना प्रभावित परिवारों को न्याय मिल सके।
उन्होंने मांग की कि 84 मौजा के 116 गांवों में विकास पुस्तिका एवं पुनर्वास अनुदान के लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए। साथ ही परियोजना से प्रभावित शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति दी जाए तथा इंडो डेनिश टूल रूम से प्रशिक्षित लगभग 400 युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
विधायक ने सभी 22 पुनर्वास स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने, आरएल-171 से 192 मीटर तक प्रभावित परिवारों को चरणबद्ध तरीके से विकास पुस्तिका एवं अनुदान देने, पुनर्वास स्थलों से अवैध कब्जा हटाकर वास्तविक विस्थापितों को भूखंड आवंटित करने तथा भूखंड आवंटन समिति की नियमित बैठक कराने की भी मांग उठाई।
उन्होंने पूर्ण पुनर्वास होने तक चांडिल जलाशय का जलस्तर आरएल-180 मीटर से नीचे रखने, आंशिक रूप से प्रभावित गांवों में खेल मैदान विकसित करने तथा चांडिल डैम के आसपास पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स, रिसॉर्ट और ठहरने की सुविधाएं विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा। इसके अलावा पुनर्वास कार्यालय पर प्रशासक का पूर्ण नियंत्रण तथा परियोजना में कार्यरत तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों का प्रत्येक पांच वर्ष में स्थानांतरण सुनिश्चित करने की मांग की।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रशासक राजीव रंजन ने संबंधित अधिकारियों को सभी पुनर्वास स्थलों को व्यवस्थित रूप से विकसित करने तथा परियोजना प्रभावित परिवारों के आय, जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त सचिव-सह-अपर निदेशक (भू-अर्जन एवं पुनर्वास), अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, भूमि अर्जन पदाधिकारी, विशेष भू-अर्जन पदाधिकारी, पुनर्वास पदाधिकारी, केंद्रीय भंडार एवं शिविर प्रमंडल, बांध प्रमंडल और सुवर्णरेखा नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं सहित परियोजना से जुड़े कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, मुखिया राखहरि सिंह मुंडा, मुखिया प्रतिनिधि सैनिक मांझी, अभय यादव, गुणाधर महतो, पशुपति बागची, सुकदेव महतो, विष्णु महतो, गोपाल महतो, कालाचांद धीवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी बैठक में शामिल हुए।

















