स्टील एक्सप्रेस में महिला के पर्स से सोने की चेन चोरी, CCTV के आधार पर आरोपी गिरफ्तार; 81 हजार की चेन बरामद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत RPF और रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने स्टील एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान महिला के पर्स से सोने की चेन चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को स्टील एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान गम्हरिया निवासी सुनीता वर्मा के लेडिस पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई थी। घटना के संबंध में उन्होंने 28 अगस्त को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में RPF टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने टाटानगर स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई।

इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को टाटानगर स्टेशन परिसर से पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगवान चौधरी, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी कोटशीला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की चेन का वजन 4.830 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है।

पूरी कार्रवाई RPF/ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में RPF टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम ने की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें