मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी निधि द्विवेदी सख्त, 25 दिनों में 75 मोबाइल लौटाए गए

SHARE:

Seraikela : पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में अप्रैल माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी में हाल में पुलिस विभाग द्वारा शुरू किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई तथा बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की गई। एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत चौपाल और पंचायत स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि “प्रोजेक्ट डिवाइस” के तहत सीईआईआर पोर्टल की मदद से खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटाए जा रहे हैं। पिछले 20 से 25 दिनों में करीब 75 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए गए हैं। इसका विस्तृत डेटा जल्द जारी किया जाएगा।

एसपी ने कहा कि अप्रैल माह में दर्ज मामलों की तुलना में अधिक मामलों का निष्पादन किया गया है, जो पुलिस के लिए सकारात्मक उपलब्धि है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को परमानेंट वारंट, जिसे लाल वारंट कहा जाता है, के निष्पादन में मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही अन्य लंबित वारंटों के निष्पादन पर भी जोर दिया गया।

गुमशुदगी के मामलों को लेकर एसपी ने कहा कि बच्चों, महिलाओं एवं वयस्कों से जुड़े सभी मिसिंग मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। निर्धारित एसओपी के तहत त्वरित रेस्क्यू और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में एनडीपीएस एवं नशा विरोधी अभियान की भी समीक्षा की गई। एसपी ने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है और थाना प्रभारियों को इस दिशा में प्रभावी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा अपराध नियंत्रण के लिए मॉनिटरिंग, एंटी क्राइम चेकिंग एवं सघन गश्ती अभियान तेज करने पर जोर दिया गया। ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Leave a Comment

और पढ़ें