गम्हरिया ब्लॉक परिसर में तेज आंधी से टूटा विशाल होर्डिंग, बड़ा हादसा टला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : तेज आंधी और बारिश के कारण गम्हरिया ब्लॉक परिसर में लगा एक विशाल लोहे का होर्डिंग टूटकर आधा लटक गया। घटना के बाद ब्लॉक एवं अंचल कार्यालय आने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि समय रहते बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे तेज हवाओं के कारण प्रचार-प्रसार के लिए लगाया गया होर्डिंग अपनी जगह से उखड़ गया और आधे हिस्से में लटक गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि होर्डिंग पूरी तरह नीचे गिर जाता तो वहां खड़े लोगों या वाहनों को भारी नुकसान हो सकता था।

घटना के बाद ब्लॉक परिसर आने वाले लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त होर्डिंग को हटाने या सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बताया गया कि उक्त होर्डिंग जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाया गया था। स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि परिसर में लगी सोलर लाइट लंबे समय से खंभे से नीचे लटक रही है, लेकिन उसकी मरम्मत अब तक नहीं कराई गई है। लोगों ने आशंका जताई कि यह भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अविलंब क्षतिग्रस्त होर्डिंग हटाने और लटकती सोलर लाइट की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.