सोनाडीह सीमेंट प्लांट के कर्मचारियों का वेतन समझौता संपन्न, औसतन ₹12,800 की मासिक वृद्धि

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : नुवोको विस्तास कॉर्प लिमिटेड के सोनाडीह स्थित सीमेंट प्लांट में स्थायी कर्मचारियों के लिए बहुप्रतीक्षित वेतन समझौता संपन्न हो गया है। यह समझौता कंपनी प्रबंधन और मान्यता प्राप्त यूनियन सोनाडीह लाइमस्टोन क्वेरी एवं सोनाडीह सीमेंट वर्कर्स यूनियन के बीच हुआ। चार वर्षों (1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2027) के लिए प्रभावी इस समझौते से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।



समझौते के अनुसार, कर्मचारियों के मासिक वेतन में औसतन ₹12,800 की बढ़ोतरी की गई है। इसमें न्यूनतम 12% बेसिक पर गारंटीड लाभ, ₹3000 मासिक वाहन भत्ता, ₹500 शिक्षा भत्ता, ₹1500 वाशिंग भत्ता, और दो वर्षों के लिए ₹35,000 एलटीसी सहित अन्य कई भत्तों में बढ़ोतरी शामिल है। कंपनी जून माह के वेतन के साथ 17 महीनों का एरियर भुगतान भी करेगी। इस समझौते से कुल 125 स्थायी कर्मचारी लाभान्वित होंगे।



समझौते पर कंपनी प्रबंधन की ओर से राजू रामचंद्रन (मैन्युफैक्चरिंग हेड), अर्णव बासु (वीपी, एचआर/आईआर), जितेंद्र जैन (प्लांट हेड), चन्दम्मा अम्बालगी (एचआर हेड), तथा अनिल गोस्वामी (आईआर मैनेजर) ने हस्ताक्षर किए। यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, सलाहकार संजीव श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष दिलहरण चंदेल, महामंत्री मानकचंद वर्मा, सह-सचिव राजेश गोस्वामी एवं कोषाध्यक्ष बिहारी लाल जायसवाल ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए।



समझौते के बाद कर्मचारियों ने अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय का पुष्पगुच्छ देकर आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में श्री पाण्डेय ने कहा कि “यह समझौता प्रबंधन और यूनियन के परस्पर सहयोग, संवाद और विश्वास का परिणाम है। यूनियन कर्मचारियों के हित में हमेशा प्रतिबद्ध रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कंपनी की प्रगति में योगदान देने की अपील की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.