नुवको विस्तास सीमेंट कंपनी के खिलाफ सामाजिक सेवा संघ का धरना, प्रदूषण और नागरिक सुविधाओं की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सामाजिक सेवा संघ के बैनर तले सोमवार को नुवको विस्तास सीमेंट कंपनी, जोजोबेरा (जमशेदपुर) के मुख्य गेट पर प्रदूषण समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना का नेतृत्व सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष राजेश सामंत ने किया। धरना के उपरांत कंपनी प्रबंधन के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

धरना को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजेश सामंत ने कहा कि नुवको सीमेंट कंपनी जोजोबेरा के संचालन से आसपास के ग्रामीण और शहरी इलाकों में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से निम्नलिखित प्रमुख मुद्दे उठाए—

1. भीषण प्रदूषण की समस्या
जोजोबेरा पार्वती नगर बस्ती में कचरा और फ्लाई ऐश फेंके जाने तथा जेमको फ्लाई ऐश प्वाइंट से उड़ने वाली सीमेंट डस्ट के कारण भोलाबगान, गोविंदपुर, सुंदरहातु, राहरगोड़ा, बारीगोड़ा, जेमको, सरजमदा, गदड़ा, सोपोडेरा समेत कई इलाकों में वर्ष के 365 दिन घरों की छतों पर सीमेंट डस्ट की परत जम जाती है।


2. यातायात और दुर्घटनाओं का खतरा
कंपनी की बड़ी-बड़ी गाड़ियों के सड़क किनारे जेमको तक खड़े रहने से आए दिन ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं।


3. सड़क और जलजमाव की समस्या
कंपनी के फ्रंट गेट के सामने बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे आम लोगों को कीचड़ और जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ता है।


4. स्थानीय लोगों की उपेक्षा
कंपनी में बाहरी ठेकेदारों और मजदूरों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि स्थानीय मजदूरों और ठेकेदारों को रोजगार से वंचित रखा जा रहा है।


5. मजदूरों से विवादित फार्म पर हस्ताक्षर
ठेकेदारों द्वारा मजदूरों से ऐसे फार्म पर साइन कराए जा रहे हैं, जिसमें दुर्घटना की स्थिति में मुआवजा नहीं देने की शर्त है। सामाजिक सेवा संघ ने इस व्यवस्था को तत्काल बदलने की मांग की।


6. नागरिक सुविधाओं का अभाव
कंपनी से सटे तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीणों को मेडिकल, शिक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।


7. खेती को नुकसान
कंपनी द्वारा फ्लाई ऐश डस्ट को पानी के साथ नालों में बहाया जा रहा है, जिससे आसपास के गांवों की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है।



सामाजिक सेवा संघ ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी द्वारा प्रदूषण नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में क्षेत्र के ग्रामीण एवं बस्तीवासी कंपनी गेट पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

धरना कार्यक्रम में सामाजिक सेवा संघ अध्यक्ष राजेश सामंत के साथ झारखंड आंदोलनकारी नेता जेना जामुदा, समाजसेवी दिलीप सिंह, मुखिया शिवलाल लोहरा, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष राजू बेसरा, जितेंद्र ठाकुर, छोटे सरदार, आशा देवी, गिरीवाला देवी, रूपम सिंह, सुलोचना लोहरा, सबिता दास, दुर्गा, सोनू श्रीवास्तव, सरिता बारदा, लक्ष्मी बारदा, जीरा पूर्ति, सुरमि पूर्ति, लक्ष्मण मुंडा, दुखीराम लोहरा, सोनाराम सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.