एसके नानावटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 का शानदार समापन, जमशेदपुर वर्क्स बना चैम्पियन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:चार महीनों तक चले रोमांचक मुकाबलों, जोशीले प्रदर्शन और खेल भावना से सराबोर एसके नानावटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 का रविवार को भव्य समापन हो गया। 8 नवंबर 2025 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित इंटर-डिपार्टमेंटल टूर्नामेंट ने एक बार फिर संगठन की मजबूत खेल संस्कृति और टीम भावना को प्रदर्शित किया।

इस वर्ष कुल 15 टीमों के 225 खिलाड़ियों ने 24 मुकाबलों में हिस्सा लिया। आंकड़े बताते हैं कि टूर्नामेंट कितनी प्रतिस्पर्धात्मक रहा—कुल 6,466 रन बनाए गए और 426 विकेट गिरे। बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 480 चौके और 57 छक्के जड़े। वहीं 68 बार 25 से अधिक व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किए गए, जो निरंतरता और गुणवत्ता का प्रमाण है।

फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा, जिसमें जमशेदपुर वर्क्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनेंस एंड अकाउंट्स (F&A) को पराजित कर एसके नानावटी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनेंस एंड अकाउंट्स की टीम पूरे टूर्नामेंट में मजबूत दावेदार रही और उपविजेता के रूप में अभियान का समापन किया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में फाइनेंस एंड अकाउंट्स के केवी श्रीनिवासन को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। वहीं जमशेदपुर वर्क्स के डी. विजय कुमार ने अपनी घातक गेंदबाजी से न केवल सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब जीता, बल्कि मैन ऑफ द सीरीज का सम्मान भी अपने नाम किया। उनकी निर्णायक गेंदबाजी फाइनल सहित पूरे टूर्नामेंट में टीम की सफलता की आधारशिला साबित हुई।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष (कॉरपोरेट सर्विसेज) श्री डी.बी. सुंदरा रामम उपस्थित रहे। उनके साथ श्री सौरव बनर्जी, डॉ. आसिफ अहमद, श्री जी.एस.आर. मूर्ति, श्री मुनीश सूदन, श्री गौरव गुप्ता, मुख्य खेल अधिकारी श्री मुकुल विनायक चौधरी तथा खेल, आयोजन एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्रमुख श्री मनीष सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

चार महीनों तक सफलतापूर्वक चले इस आयोजन ने न केवल खेल प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द को भी मजबूत किया। एसके नानावटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकता, अनुशासन और उत्कृष्टता का सशक्त माध्यम है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.