एसआईआर-2026 अभियान की समीक्षा, कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष निगरानी के निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन विधानसभा क्षेत्रों एवं बूथों पर फोकस बढ़ाने को कहा, जहां अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि गुड़ाबांदा, जुगसलाई, जेएनएसी, पटमदा तथा जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ को स्वयं बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) के साथ नियमित संवाद स्थापित कर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सबसे कम प्रगति वाले 20-20 बूथों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। संबंधित एईआरओ इन बूथों पर कार्यरत बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करें और प्रतिदिन प्रगति सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एएसडीडी (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) श्रेणी से संबंधित सभी प्रविष्टियों का डिजिटाइजेशन तत्काल पूरा किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

बैठक के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए एसआईआर-2026 अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें