उपायुक्त ने मानगो और बोड़ाम कार्यालयों का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में सोमवार को मानगो अंचल कार्यालय तथा बोड़ाम प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों, विकास योजनाओं, लोक शिकायतों के निष्पादन तथा कार्यालयी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण एवं संग्रहण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर अभियान को सफल बनाया जाए तथा मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में भी तेजी लाई जाए।

राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सीमांकन, अतिक्रमण समेत अन्य मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।



विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा नियमित फील्ड निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

बोड़ाम प्रखंड परिसर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परिसर में स्थित जर्जर भवन का भी जायजा लिया और उसके आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालय परिसर सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों में अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं और कार्य संस्कृति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें