सीनी मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

SHARE:

Adityapur : सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सीनी मोड़ के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टाटा मैजिक और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

घायलों में मैजिक चालक सरफुद्दीन अंसारी, उनकी 3 वर्षीय बेटी हनीफा नाज तथा 22 वर्षीय नवीन गोराई शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने मैजिक चालक और नवीन गोराई की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया, जबकि बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

बताया जाता है कि सरफुद्दीन अंसारी मुड़िया निवासी हैं और अपनी बेटी के साथ मोड़ की ओर जा रहे थे। वहीं नवीन गोराई सीनी निवासी हैं तथा आदित्यपुर स्थित एक कंपनी में कार्यरत हैं। वे ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें