शहीद निर्मल महतो को सरकारी शहीद का दर्जा देने की मांग :अमित महतो

SHARE:

Jamshedpur:पूरे झारखंड समेत कोल्हान प्रमंडल में आज झारखंड आंदोलन के अमर शहीद, वीर सपूत निर्मल महतो की 75वीं जन्म जयंती श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर युवा समाजसेवी एवं आंदोलनकारी अमित महतो ने चमरिया गेस्ट हाउस, पारडीह चौक तथा शहीद के पैतृक गांव उलीयान पहुंचकर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मीडिया से बातचीत में अमित महतो ने कहा कि शहीद निर्मल महतो का जन्म 25 दिसंबर 1950 को जमशेदपुर जिले के उलीयान गांव में हुआ था। वे झारखंड के जुझारू समाजसेवी और प्रखर राजनेता थे, जिन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के दूसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर बेहद कम समय में तय किया। झारखंड अलग राज्य आंदोलन में छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने आजसू का गठन किया, जिसकी बदौलत आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा मिली।
उन्होंने कहा कि 8 अगस्त 1987 को झारखंड विरोधी ताकतों द्वारा चमरिया गेस्ट हाउस के गेट पर निर्मल महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस शहादत ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया, जिसका असर 1990 के चुनाव में देखने को मिला, जब झामुमो को झारखंड क्षेत्र में एकतरफा समर्थन मिला।
अमित महतो ने सवाल उठाया कि झारखंड बने 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी शहीद निर्मल महतो को सरकारी रूप से शहीद का दर्जा क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह शर्मनाक है कि जिस सपूत की शहादत पर झारखंड राज्य का निर्माण हुआ, उसी पार्टी की सरकार राज्य में होने के बावजूद उन्हें अब तक यह सम्मान नहीं मिल सका।
उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से मांग की कि शहीद निर्मल महतो को शीघ्र सरकारी शहीद का दर्जा दिया जाए तथा उनके संघर्ष और बलिदान को स्कूली व कॉलेज की पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके।
इस अवसर पर पारडीह निर्मल स्मारक समिति के सदस्य मंटू महतो ने कहा कि शहीद के सभी स्मारकों का रंग-रोगन एवं रखरखाव टाटा कंपनी द्वारा किया जाना चाहिए, क्योंकि झारखंडियों ने अपनी जमीन देकर उद्योग को स्थापित किया है, तो कंपनी का भी दायित्व बनता है कि वह झारखंडी शहीदों की स्मृतियों का संरक्षण करे।
जन्म जयंती के मौके पर समिति द्वारा पारडी स्कूल मैदान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अमित महतो समेत कई युवाओं ने भाग लेकर रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में मंटू महतो, नारायण महतो, मानिक महतो, वीरेन महतो, शरद महतो, किरपा महतो, आकाश महतो, विकास महतो, कमल महतो, खोगेन महतो, लालटु महतो, भक्तरंजन महतो, नरेश महतो, कृष्णा जी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

Leave a Comment