अंतरराष्ट्रीय क्योंकुशिन कराटे में घाटशिला के दो सितारे, संदीपन और स्वाति करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ghatshila:झारखंड के घाटशिला अनुमंडल के लिए यह गर्व का क्षण है, जब केंद्रीय विद्यालय सुरदा के दो होनहार छात्र—संदीपन पालोई और स्वाति हेंब्रम—अंतरराष्ट्रीय क्योंकुशिन रियल फाइटिंग फुल कॉन्टैक्ट कराटे प्रतियोगिता 2025 में भारतीय कराटे टीम का हिस्सा बने हैं। यह प्रतिष्ठित तीन दिवसीय प्रतियोगिता 26 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 तक पश्चिम बंगाल के पायराडॉगा में आयोजित की जा रही है।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन ऑल इंडिया क्योंकुशिन कराटे एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है, जिसकी मेजबानी शिहान महादेव ब्रह्मा (छठवीं डान ब्लैक बेल्ट, जापान) के नेतृत्व में होगी। प्रतियोगिता में भारत के साथ-साथ रूस, सिंगापुर, नेपाल, भूटान सहित कई देशों के लगभग 400 कराटे खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।
घाटशिला अनुमंडल से चयनित संदीपन पालोई और स्वाति हेंब्रम पूरे झारखंड प्रदेश से इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इकलौते दो कराटेकार हैं, जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक कठोर प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेकर चयन की प्रक्रिया पूरी की।
इस उपलब्धि की खबर मिलते ही केंद्रीय विद्यालय सुरदा के परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय की प्रिंसिपल मायसा मार्डी, खेल प्रशिक्षक मोटाई बांद्रा, आशीष बोदरा सहित सभी शिक्षकों-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने दोनों खिलाड़ियों को जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर घाटशिला निवासी कराटे प्रशिक्षक उमेश कांत गिरि ने कहा कि संदीपन और स्वाति ने जिस लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लिया है, उससे बेहतर प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
अब सबकी निगाहें पश्चिम बंगाल में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां घाटशिला के ये दो युवा कराटेकार अपने दमखम से भारत का परचम लहराने उतरेंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.