जमशेदपुर। परसुडीह के झारखंड बस्ती स्थित श्री श्री शिव हनुमान अखाड़ा में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर भव्य महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखाड़ा समिति के अध्यक्ष अजय मंडल के नेतृत्व में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि समाजसेवी कीर्तिवास मंडल और भारत सिंह शामिल हुए। उन्होंने आयोजन में भाग लेकर समिति के प्रयासों की सराहना की और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। आयोजन को सफल बनाने में अखाड़ा समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अखाड़ा समिति के अध्यक्ष अजय मंडल ने कहा कि सावन का अंतिम सोमवार श्रद्धालुओं के लिए विशेष और पवित्र अवसर है। हर वर्ष की तरह इस बार भी अखाड़ा परिवार ने सामूहिक सहयोग से महाप्रसाद वितरण का संकल्प लिया था। बाबा भोलेनाथ और हनुमान जी की कृपा से आयोजन सफल रहा तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
उन्होंने कहा कि अखाड़ा परिवार का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, आपसी भाईचारा और सेवा भावना को मजबूत करना है। भविष्य में भी समिति की ओर से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी।
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए समिति की ओर से प्रसाद वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से महाप्रसाद ग्रहण कर सकें।
मौके पर अजय मंडल, कीर्तिवास मंडल, भारत सिंह, मोहन सरदार, शंभू पात्र, मनी बेहरा, विष्णु स्वर्णकार, प्रदीप बारिक, सुमित्रा पत्रा, विप्लव समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

















