मानगो में पेयजल संकट पर सख्त हुए सरयू राय, चेतावनी- समाधान नहीं हुआ तो होगा जनआंदोलन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट एवं जेएनएसी (जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति) क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में बिष्टुपुर स्थित आवास पर प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पानी की समस्या को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जल्द समाधान नहीं होने पर जनआंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने मानगो के कई इलाकों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लोग पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन संबंधित विभाग और नगर निकाय स्थिति को सुधारने में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सफाई व्यवस्था एवं विकास कार्यों से जुड़ी कई योजनाओं की निविदाएं काफी पहले पूरी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जेएनएसी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सूचीबद्ध कर एक शिष्टमंडल संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करेगा और शीघ्र समाधान की मांग करेगा। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि प्रशासनिक स्तर पर समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

विधायक सरयू राय ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पेयजल जैसी बुनियादी आवश्यकता की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में मुकुल मिश्रा, पप्पू सिंह, नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, मनोज सिंह, राकेश सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, पवन सिंह, टुनटुन सिंह, आकाश शाह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider does not exist.

और पढ़ें