सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची के लीज एरिया के लोगों को मिले पानी-बिजली कनेक्शन : मुकुल मिश्रा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची स्थित टाटा लीज एरिया में रहने वाले लोगों को पानी और बिजली कनेक्शन लेने में हो रही परेशानियों को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा सोमवार को टाटा लैंड विभाग के आरएम प्रवीण कुमार से मिले।

मुलाकात के दौरान मुकुल मिश्रा ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने पानी और बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन जमा किया है, लेकिन अब तक उन्हें सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि आम लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार भटक रहे हैं और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान जरूरी है।

मुकुल मिश्रा ने बताया कि सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची के कई परिवार लंबे समय से कनेक्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस पर टाटा लैंड के आरएम प्रवीण कुमार ने आश्वस्त किया कि मामले पर जल्द विचार कर समाधान निकालने की दिशा में पहल की जाएगी।

बैठक के दौरान मुकुल मिश्रा ने अतिक्रमण हटाने के मामले में कंपनी प्रबंधन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कंपनी की सुरक्षा टीम छोटे अतिक्रमणों पर तुरंत कार्रवाई करती है, जबकि बड़े अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती नहीं दिखाई जाती।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों को छूट और आम लोगों पर कार्रवाई के कारण अवैध अपार्टमेंटों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुकुल मिश्रा ने मांग की कि जिन लोगों ने भवन नक्शा पास कराने के लिए आवेदन दिया है, उनके मामलों की निष्पक्ष जांच कर वैध पाए जाने पर जल्द एनओसी जारी की जाए, ताकि लोग समय पर अपना आवास निर्माण कर सकें।

इस दौरान शीतल खुल्लर, विनोद सिंह, काजल चौधरी और अशोक सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें