मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना के परिचालन पर विधायक सरयू राय ने जताया गंभीर असंतोष

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र में चल रही पेयजलापूर्ति परियोजना के असंतोषजनक संचालन को लेकर गंभीर नाराज़गी व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में पूर्वी जमशेदपुर के उपायुक्त को एक विस्तृत पत्र लिखते हुए विभागीय लापरवाही पर कड़ी टिप्पणी की है।

विधायक राय ने लिखा है कि उनकी पहल पर पेयजल स्वच्छता विभाग के सचिव स्तर से हस्तक्षेप के बाद इंटेक वेल और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में नए पावर मोटर लगाए गए, लेकिन उनका संचालन संतोषजनक नहीं हो रहा है। बड़े इलाके अब भी नियमित जलापूर्ति से वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा व नवरात्रि के दौरान निर्बाध जलापूर्ति की घोषणा की गई थी, लेकिन वास्तविकता इससे अलग रही। सोमवार दोपहर तक मानगो और उलीडीह के कई इलाकों — अखाड़ा गली, लक्ष्मी नगर, गौड़ बस्ती, राधा कृष्ण मंदिर के पीछे, रामकृष्ण कॉलोनी, बिरसा पथ, फुटबॉल मैदान के पीछे, जवाहर नगर रोड नंबर 4, न्यू उलीडीह, ज़ाकिर नगर, बगान शाही और समता नगर — में जलापूर्ति नहीं हुई।

राय ने आरोप लगाया कि पेयजल स्वच्छता विभाग के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। उनके अनुसार, “जब तक दबाव नहीं बनता, तब तक जलापूर्ति नहीं सुधरती। दबाव पड़ने पर व्यवस्था ठीक हो जाती है, फिर वही ढाक के तीन पात।”

उन्होंने कहा कि अब जब परियोजना का परिचालन नगर निगम को हस्तांतरित हो रहा है, तो निगम के पदाधिकारियों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे इसके संचालन की निगरानी करें।

विधायक राय ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यह परियोजना ₹125 करोड़ की लागत से तैयार की गई महत्त्वाकांक्षी जनसुविधा योजना है, फिर भी अधूरी पड़ी है। मानगो के बालीगुमा क्षेत्र में बनी पानी की टंकी वर्षों से निष्क्रिय है। पाइपलाइन बिछ जाने के बावजूद उपभोक्ताओं तक पानी नहीं पहुंच रहा। यही हाल पृथ्वी पार्क स्थित टंकी का भी है, जिसका निर्माण उनके प्रयासों से 2014-19 के दौरान हुआ, लेकिन पांच वर्ष बीत जाने पर भी इसका समुचित उपयोग नहीं हो सका।

राय ने कहा कि इस परियोजना में सिविल और मेकेनिकल विंग के बीच तालमेल का अभाव है। दोनों एक-दूसरे पर दोष मढ़ते रहते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही। उन्होंने उपायुक्त से संबंधित अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा करने और उपयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें