बालीगुमा पानी टंकी का सरयू राय ने किया निरीक्षण, बालीगुमा सुकना बस्ती में डीप बोरिंग सह पानी टंकी का उद्घाटन किया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को मानगो पेयजल परियोजना के अंतर्गत निर्मित बालीगुमा पानी टंकी का निरीक्षण किया। करीब सात वर्ष पूर्व तैयार हुई इस टंकी में अब तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी, जिसके बाद विधायक ने स्थल का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता से फोन पर बातचीत कर पाइपलाइन कनेक्शन में हो रही देरी की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टंकी निर्माण के समय ही पाइपलाइन की योजना बनाई गई थी और क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी पूरा हो चुका है, लेकिन टंकी तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था अब तक नहीं हो पाई है।

सरयू राय ने बताया कि मानगो नगर निगम और पीएचईडी की ओर से उन्हें जानकारी दी गई थी कि एनएचएआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिलने के कारण कार्य लंबित है। बाद में जांच में पता चला कि एनओसी देने को लेकर एनएचएआई तैयार था, लेकिन विभाग और ठेकेदार के बीच खर्च को लेकर विवाद चल रहा था।

उन्होंने कहा कि विधायक बनने के छह माह के भीतर उन्होंने एनओसी दिलवा दिया, लेकिन अब विभाग एनएच-33 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हवाला देकर एलाइनमेंट में दिक्कत बता रहा है। जबकि एनएचएआई के ठेकेदार ने स्पष्ट किया है कि सड़क किनारे बने यूटिलिटी सेक्टर से पाइपलाइन ले जाई जा सकती है।

विधायक ने बताया कि अब केवल डिमना चौक से डिमना नाला और वहां से सुकना बस्ती तक पाइप बिछाने का कार्य बाकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय स्तर पर अनावश्यक देरी की जा रही है।

सरयू राय ने कहा कि वह गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे फिर स्थल निरीक्षण करेंगे। इस दौरान एनएचएआई के ठेकेदार और पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि विभागीय इंजीनियर जनता को गुमराह करते रहे तो वह इस मामले को मंत्री और विभागीय सचिव के समक्ष उठाएंगे।

सरयू राय ने बुधवार को बालीगुमा स्थित सुकना बस्ती में काली मंदिर के समीप विधायक निधि से निर्मित डीप बोरिंग सह पानी टंकी का उद्घाटन किया। यह योजना करीब 6 लाख 41 हजार रुपये की लागत से तैयार की गई है।

उद्घाटन के दौरान विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नई पानी टंकी की क्षमता 5 हजार लीटर है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

मौके पर भाजपा नेता नीरज सिंह, पप्पू सिंह, जदयू नेता नीरज सिंह, संध्या सिंह, अजय कुमार, अमृता मिश्रा, पार्षद राजेश सिंह, रवींद्र सिंह सिसौदिया, विनोद राय, राजू प्रजापति, जीतेंद्र साव, कुलविंदर सिंह पन्नू, संतोष भगत, टुनटुन सिंह, पिंटू सिंह, पवन सिंह, विनय कुमार, विकास साहनी, प्रवीण सिंह, संजय सिंह, भोला पांडेय, नवीन सिंह, राजू सिंह, राजाराम प्रसाद, श्याम सिंह, संतोष चौहान, बबुआ सिंह, प्रेम सक्सेना, संजीव सिंह, भवानी सिंह, अमरेंद्र पासवान, राजीव सिंह, चंद्रा गणेश, डी. मिश्रा, नरेन महतो, संजीव मुखर्जी और वीरेन महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.