Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सारंडा के सुदूरवर्ती चिड़िया पंचायत स्थित बिनुवा टोला (अंकुवा) में कोयना नदी किनारे अवैध सोना खनन का मामला सामने आया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र और केरल के तीन व्यक्ति पिछले एक सप्ताह से नदी किनारे मशीन के माध्यम से जमीन की खुदाई कर सोना निकालने का कार्य कर रहे थे। इस गतिविधि की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलने पर ग्राम रक्षा समिति ने तत्काल चिड़िया ओपी पुलिस को दूरभाष पर सूचना दी। बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति बिनुवा गांव के एक ग्रामीण के घर में ठहरकर इस अवैध कार्य को अंजाम दे रहे थे।
मामले की भनक लगते ही ग्राम रक्षा समिति के सदस्य और ग्रामीण एकजुट हो गए और विरोध दर्ज कर संबंधित व्यक्तियों को गांव छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया।

पहचान किए गए लोगों में समाधान सुरेश गुवर (38 वर्ष, महाराष्ट्र), ऋषिकेश मानिक निचल (30 वर्ष, महाराष्ट्र) और अब्दुल मुतालिब बी.एम. (54 वर्ष, केरल) शामिल हैं।
इस विरोध में ग्राम रक्षा समिति की अध्यक्ष पार्वती कोया, सचिव सरस्वती गोप, कोषाध्यक्ष पार्वती मुंडा लुहूरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।











