सरायकेला में जिला खेल संचालन समिति की बैठक संपन्न, खेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण पर जोर

SHARE:

Seraikela:जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरायकेला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में उपलब्ध खेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, खेल सुविधाओं के सुचारू संचालन तथा खिलाड़ियों को अधिक अवसर प्रदान करने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला स्थित स्टेडियम गैलरियों के आवंटन से प्राप्त राजस्व के समुचित उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अंतर्गत स्टेडियम परिसर में अधिष्ठापित जिम के लिए जिम ट्रेनर की बहाली एवं मानदेय भुगतान, दो सुरक्षाकर्मी और एक सफाईकर्मी की व्यवस्था हेतु संबंधित विभाग से अधियाचना करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा स्टेडियम में हाई मास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट की स्थापना, कार्यालय उपयोग के लिए विद्युत उपभोग मद में बिजली बिल भुगतान, मैदान के रखरखाव के लिए घास कटिंग मशीन, पानी पटाने हेतु मोटर एवं पाइप क्रय करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम में संचालित जिम के पंजीकरण व्यवस्था, संचालन प्रणाली एवं न्यूनतम शुल्क निर्धारण पर भी विचार किया गया। जिम के सुचारू संचालन और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मासिक एवं वार्षिक शुल्क निर्धारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें बेहतर संसाधन, सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि तय योजनाओं को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जाए, ताकि जिले में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिल सके।

Leave a Comment