Adityapur : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के तहत चल रहे गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरण अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र-51 के मतदान केंद्र संख्या 351 एवं 352 का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, अभिलेख संधारण, दस्तावेजों के सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और समावेशी बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाना, समयबद्ध तरीके से उसका संग्रहण, मतदाता विवरण का सत्यापन तथा सभी प्रपत्रों का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे और बिना वैधानिक कारण के किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए। प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर सभी पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाने तथा प्राप्त आवेदनों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है और इसकी सफलता अधिकारियों, बीएलओ तथा संबंधित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी, सतत निगरानी और बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने नियमित क्षेत्र भ्रमण, दैनिक समीक्षा तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और सत्यापन कार्य का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से समय पर पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार, संबंधित बीएलओ एवं अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।









