Guaa : मेघाहातुबुरू स्थित केंद्रीय विद्यालय में शुक्रवार को प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार की अध्यक्षता में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए पेरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बोर्ड परीक्षार्थियों की शैक्षणिक तैयारी, अनुशासन, उपस्थिति तथा परीक्षा परिणामों में सुधार सुनिश्चित करना था। इसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। ऐसे में नियमित अध्ययन, अनुशासन और विद्यालय में निरंतर उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सीबीएसई के नियमों के अनुसार बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बैठक में सत्र 2026-27 से कक्षा 10वीं की परीक्षा प्रणाली में प्रस्तावित बदलावों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रत्येक विषय की 80 अंकों की थ्योरी परीक्षा में न्यूनतम 27 अंक अलग से प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
इस दौरान अप्रैल माह की मासिक परीक्षा के परिणामों की समीक्षा करते हुए शिक्षकों ने विद्यार्थियों की कमजोरियों और सुधार के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि कमजोर एवं औसत प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष रेमेडियल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय का लक्ष्य 31 अक्टूबर तक पूरा पाठ्यक्रम समाप्त कर नवंबर से रिवीजन और प्रैक्टिस टेस्ट पर विशेष ध्यान केंद्रित करना है। उन्होंने जुलाई, अगस्त और सितंबर को सबसे महत्वपूर्ण अध्ययन अवधि बताते हुए विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने का आग्रह किया।
उन्होंने शिक्षा में बढ़ती कोचिंग निर्भरता पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यालय आधारित शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों के होमवर्क, मोबाइल फोन के उपयोग, अनुशासन और समय प्रबंधन पर नजर रखने तथा शिक्षकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने की अपील की।
प्राचार्य ने यह भी बताया कि शिक्षकों की मेहनत और बेहतर शिक्षण पद्धति के कारण इस वर्ष विद्यार्थियों के औसत अंकों में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणाम और अधिक बेहतर होंगे।
बैठक में विनय गौर, अंशुल, तनुश्री प्रधान, निधि, प्रियंका दुबे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।









