सरायकेला में रामनवमी की धूम, ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गुंजायमान हुए मंदिर और मोहल्ले

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव  के अवसर पर गुरुवार को सरायकेला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरा इलाका भगवा ध्वजों से पट गया और ‘जय श्रीराम’ के नारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

रामनवमी के पावन अवसर पर विभिन्न हनुमान मंदिरों एवं ठाकुर बाड़ियों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। धार्मिक मान्यता के अनुसार दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्मकाल पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और अनुष्ठान संपन्न किए गए। शंख और घंटों की गूंज से पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

पूजा के उपरांत विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा महावीरी झंडे की विधिवत पूजा की गई। कई स्थानों पर पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र संचालन का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ढोल-ताशों की थाप पर रामभक्त झूमते नजर आए।

क्षेत्र के कई स्थानों पर गुरुवार को ही उत्सव मनाया गया, जबकि शुक्रवार को भी विभिन्न इलाकों में रामनवमी मनाने के साथ अखाड़ा जुलूस निकाले जाने की तैयारी है।

त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मुख्य चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पूजा के बाद कई जगहों पर भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शाम को आकर्षक शोभायात्राओं की तैयारी भी देखने को मिली, जिसमें बड़ी संख्या में रामभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.