साप्ताहिक जनता दरबार में उमड़ा भरोसा, उपायुक्त ने सुनी आमजन की बात

SHARE:

Seraikela:जिले में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी मामलों को क्रमवार सूचीबद्ध करते हुए गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनवाई की।

जनता दरबार में सामने आए प्रमुख मामलों में गम्हरिया प्रखंड के यशपुर पंचायत अंतर्गत हुदरूबेड़ा ग्राम से वनाधिकार पट्टा से जुड़ा लंबित प्रकरण, तिरला बालीडीह ग्राम के ग्रामीणों द्वारा कुलूडीह बरगद पेड़ चौक से बालीडीह होते हुए रंगातांड तक लगभग 3.5 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग, तथा बालीडीह आंगनवाड़ी चौक से आदित्यप्रतापपुर मुख्य मार्ग तक करीब 1.5 किलोमीटर सड़क निर्माण का प्रस्ताव शामिल रहा।

इसके अलावा गम्हरिया प्रखंड के गोहिरा बस्ती में अवैध ईंट भट्ठे के संचालन पर रोक, राजनगर प्रखंड में अवैध क्रशर संचालन के विरोध, सरायकेला अंचल में पंजी–2 में सुधार से संबंधित लंबित मामले, नीलाम पत्र से जुड़े वाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य प्रकरण भी जनता दरबार में रखे गए।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी मामलों की विधिसम्मत, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर ठोस समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद का सशक्त माध्यम है और इसमें लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें