जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में विद्युत लाइन का जमीनी निरीक्षण, बिजली व्यवस्था सुधार की दिशा में पहल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला नगर क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुरक्षित, मजबूत और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से सोमवार सुबह विशेष जमीनी निरीक्षण अभियान चलाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सहायक अभियंता, सीनियर लाइनमैन देवाशीष पटनायक एवं विभागीय टीम के साथ उलीझाड़ी ग्रिड से सरायकेला सब-स्टेशन तक लगभग 25 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन में से करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम जंगल, पहाड़, नदी-नाले और अत्यंत दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंची तथा विद्युत आपूर्ति में बार-बार आने वाली तकनीकी समस्याओं का गंभीरता से अध्ययन किया। कई स्थानों पर बिजली लाइन घने जंगलों से होकर गुजरती पाई गई, जहां पेड़ों की टहनियां तारों के संपर्क में आने से आपूर्ति बाधित होने की स्थिति बन रही थी।

निरीक्षण में पुराने इंसुलेटर, दुर्गम रास्तों तथा मरम्मत कार्य में आने वाली कठिनाइयों को भी चिन्हित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तेज आंधी या बारिश के दौरान पेड़ों की टहनियां बिजली तारों पर गिरने से सरायकेला एवं आसपास के क्षेत्रों में अक्सर घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।

इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें पुराने चीन माटी (पोर्सिलेन) इंसुलेटर की जगह आधुनिक पॉलीमर इंसुलेटर लगाने, संवेदनशील क्षेत्रों में लाइन को टेपिंग कर सुरक्षित दिशा में डायवर्ट करने तथा लाइन के आसपास पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने का निर्णय शामिल है। जरूरत पड़ने पर बड़े वृक्षों को हटाने की भी योजना बनाई गई है।

इसके अलावा रात्रि में तकनीकी खराबी आने पर लाइनमैन एवं विभागीय कर्मियों की पहुंच आसान बनाने के लिए जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में विद्युत लाइन के नीचे आवागमन मार्ग को साफ एवं व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया, ताकि आपात स्थिति में मरम्मत कार्य तेजी से किया जा सके।

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आम लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी एवं सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें