Adiryapur : दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगियारी ने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूजा पंडालों और प्रमुख चौक-चौराहों पर रहेगी निगरानी
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा पूजा पंडालों, प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों पर नियमित निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के साथ आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि आमजनों की सुविधा का ध्यान रखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारी तत्पर रहें।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगियारी ने पुलिस पदाधिकारियों को दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने, यातायात सुचारू बनाए रखने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया पर नजर
दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के लिए विभिन्न पूजा पंडालों एवं प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से नजर रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त, अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगाई जा सके। ऐसे मामलों में आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने जिलेवासियों से की सहयोग की अपील
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित प्रशासनिक या पुलिस पदाधिकारी को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी सद्भाव, संयम और सहयोग से ही पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है।
ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

















