बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त-एसपी ने शांति, सुरक्षा और साफ-सफाई पर दिए सख्त निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और सभी तैयारियां समय पूर्व पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य करेंगे।

उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, अग्निशमन सेवा, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और नगर निकायों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नगर निकायों को कुर्बानी के अवशेषों का समयबद्ध एवं सुरक्षित निस्तारण करने तथा नियमित साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया। साथ ही निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सदर अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एक्टिव मोड में रखने तथा चिकित्सकीय टीमों को 24×7 तैनात रखने का निर्देश दिया। सभी एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को ‘रेडी टू मूव’ स्थिति में रखने को भी कहा गया।

बैठक में युवाओं द्वारा बाइक रेसिंग, स्टंट और तेज रफ्तार वाहन चलाने की संभावनाओं को देखते हुए विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से दुर्घटनाओं और असुरक्षा की आशंका बढ़ती है। इसे रोकने के लिए विशेष गश्ती दल बनाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने और नियम उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि कुछ परिवार निर्धारित तिथि के अतिरिक्त अन्य दिनों में भी बकरीद मनाते हैं, इसलिए प्रशासनिक तैयारी व्यापक और संवेदनशील होनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को प्रो-एक्टिव मोड में कार्य करने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एसपी ने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर नियमित जांच और गश्ती अभियान चलाने को कहा। साथ ही कुर्बानी के बाद पशु अवशिष्टों का वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि स्वच्छता एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पशु अवशिष्टों को सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।

बैठक के अंत में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ बकरीद पर्व मनाने की अपील की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें