कचरा और पानी की समस्या पर सख्त हुए विधायक संजीव सरदार, हर महीने समीक्षा बैठक का निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : ओशहर से सटे ग्रामीण इलाकों में बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर पोटका विधायक ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को जमशेदपुर प्रखंड सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कचरा प्रबंधन और पेयजल संकट के समाधान के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि यह समस्या किसी एक विभाग से हल नहीं हो सकती, इसलिए प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधि और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मिलकर काम करें। उन्होंने हर महीने अनिवार्य समीक्षा बैठक करने का निर्देश दिया, जिसमें वे स्वयं भी मौजूद रहेंगे।

कचरा प्रबंधन के लिए पायलट प्रोजेक्ट

कचरा निस्तारण को लेकर विधायक ने बताया कि बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत और मध्य बागबेड़ा पंचायत को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। यहां सर्वे पूरा हो चुका है और ग्रामीणों ने कचरा उठाव के लिए मासिक शुल्क देने पर सहमति जताई है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक घर से 100 रुपये मासिक शुल्क लिया जाएगा। विधायक ने भरोसा दिलाया कि कचरा उठाव के लिए आवश्यक वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे और जल्द ही योजना को धरातल पर उतारा जाएगा।

जल संकट से राहत की तैयारी

पेयजल समस्या पर चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना जून माह तक शुरू कर दी जाएगी।

विधायक ने निर्देश दिया कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा की जानकारी तुरंत साझा की जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। बैठक में प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश सहित पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र की जनता को कचरा और पानी की समस्या से राहत मिल सकेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.