चाकुलिया में झामुमो कार्यालय पर अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, सामाजिक न्याय के संकल्प दोहराए गए

SHARE:

Chakulia : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया स्थित विधायक सह झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यालय में सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे सम्मान, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती ने भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक मोहंती ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया, जो आज भी लोकतंत्र की मजबूत नींव है।

उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताया था। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक समानता, भाईचारा और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण हांसदा, वरिष्ठ नेता कान्हू सामंत, सचिव बलराम महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगन्नाथ महतो, नगर सचिव सुजीत दास, पार्षद संजय घोष समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment