Jamshedpur:साकची स्थित ऐतिहासिक आम बागान मैदान एक बार फिर अवैध अतिक्रमण के आरोपों को लेकर चर्चा में है। रविवार को मौके का जायजा लेने पर मैदान के एक हिस्से में गैराज और दुकानों के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष साफ नजर आया। इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) झारखंड प्रदेश के विधि प्रकोष्ठ संयोजक, अधिवक्ता चंदन चौबे ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
अधिवक्ता चंदन चौबे का कहना है कि आम बागान मैदान में मस्जिद कमेटी को 100×80 क्षेत्रफल का आवंटन है, लेकिन इसके बाहर टाटा लीज की जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर दुकानें और अतिरिक्त निर्माण किए गए हैं। उन्होंने इसे प्रशासनिक निर्देशों और न्यायालय के आदेशों का स्पष्ट उल्लंघन बताया।
भाजयुमो विधि प्रकोष्ठ की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार बीपीएल संख्या 110/99-2000 (संख्या 441) में न्यायालय ने निर्देश दिया था कि अतिक्रमण हटाकर केवल आवंटित भूमि पर ही निर्माण किया जाए। आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित क्षेत्र में दुकानदारी और विस्तार जारी है।
ग्राउंड पर मौजूद लोगों का कहना है कि यह मैदान वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में रहा है और अतिक्रमण के कारण इसकी पहचान और उपयोगिता प्रभावित हो रही है। अधिवक्ता चंदन चौबे ने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में जिला प्रशासन कार्रवाई से परहेज कर रहा है और कब तक आदेशों की अनदेखी होती रहेगी।
प्रमुख मांगें
साकची आम बागान मैदान से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए
न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए
दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो
चेतावनी
भाजयुमो झारखंड प्रदेश ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगा।
कोर्ट की आदेश की प्रति संलग्न है।










