क्षत्रियों की विरासत अतुलनीय और गौरवशाली : सरयू राय

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि क्षत्रिय समाज का अतीत और उसकी विरासत अतुलनीय व अत्यंत गौरवशाली रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि साझी विरासत को मजबूत करना और सनातन संस्कृति की रक्षा करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वे आदित्यपुर में झारखंड क्षत्रिय संघ के बैनर तले आयोजित परिवार मिलन सह वनभोज कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
सरयू राय ने कहा कि धर्म, समाज, देश और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष का जैसा इतिहास क्षत्रिय समाज के पास है, वैसा अन्यत्र दुर्लभ है। आत्मबल, रणनीति और त्याग के माध्यम से क्षत्रिय समाज ने इतिहास में वह मुकाम हासिल किया है, जो आज भी प्रेरणा देता है। उन्होंने ऐसे सामाजिक आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों को अतीत से जुड़ने और वर्तमान व भविष्य में अपनी भूमिका तय करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं, विरासत और इतिहास का गौरवशाली पक्ष सदैव हमारे लिए अभिमान का विषय रहेगा। आज समाज में जो संघर्ष और टकराव दिखते हैं, उनकी तुलना क्षत्रिय समाज के गौरवशाली अतीत से नहीं की जा सकती। महापुरुषों के योगदान को समाज ने सहेज कर रखा है, तभी वे युगों तक स्मरणीय बने हुए हैं।
उधर, सिदगोड़ा टाउन हॉल में चंद्रवंशी एकता मंच द्वारा आयोजित वनभोज कार्यक्रम में विधायक सरयू राय ने चंद्रवंशी समाज की ऐतिहासिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह समाज स्वयं को महाराज जरासंध का वंशज मानता है। उन्होंने जरासंध, कंस, श्रीकृष्ण, कुंती और भीष्म पितामह के उदाहरणों के माध्यम से बताया कि पूरा इतिहास आपस में जुड़ी हुई कड़ियों का साझा स्वरूप है, जिसे अलग-अलग वंशों में बांटकर नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि सनातन संस्कृति नहीं बचेगी, तो हमारे महापुरुषों की स्मृति भी विलुप्त हो जाएगी। इसलिए देश, समाज और संस्कृति को साझी विरासत के रूप में आगे बढ़ाना ही एकमात्र रास्ता है।
वहीं सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर में कानू समाज के वनभोज कार्यक्रम में सरयू राय ने शिक्षा को समाज के विकास की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि कानू समाज इसलिए आगे बढ़ रहा है क्योंकि उसने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जिन बच्चों को सम्मानित किया गया, वे सभी उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए हैं, जो इस समाज की दूरदर्शिता का प्रमाण है।
सरयू राय ने कहा, “भविष्य में वही समाज आगे बढ़ेगा और अपना हक लेगा, जो शिक्षित होगा। शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त हथियार है।”

Leave a Comment