Chaibasa : छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य और समय रहते संभावित बीमारियों की पहचान के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा द्वारा शनिवार को पीएम श्री उत्क्रमित 10+2 गवर्नमेंट बालिका उच्च विद्यालय, चाईबासा में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं के हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, नेत्र एवं दंत स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष रोटेरियन अमित पोद्दार ने बताया कि क्लब प्रत्येक माह शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन गुरमुख सिंह खोखर के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गई। सदर अस्पताल, चाईबासा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से आए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्राओं का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण किया।
वहीं डॉ. वीणा मुंधड़ा, डॉ. राशि मुंधड़ा एवं डॉ. आकांक्षा शर्मा ने दंत परीक्षण कर छात्राओं को दांतों की स्वच्छता एवं देखभाल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस कार्य में मुंधड़ा हॉस्पिटल का सहयोग रहा। इसके अलावा संजीव नेत्रालय, चाईबासा की टीम ने छात्राओं की नेत्र जांच कर आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया।
शिविर के दौरान 108 छात्राओं का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण, 101 छात्राओं की नेत्र जांच तथा 95 छात्राओं का दंत परीक्षण किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर का प्रायोजन रोटेरियन हीना ठक्कर ने अपने स्वर्गीय एन. के. ठक्कर की पुण्य स्मृति में किया।
कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष अमित पोद्दार, सचिव सौरव प्रसाद, संयुक्त सचिव विनय लोधा, रोटेरियन गुरमुख सिंह खोखर, हीना ठक्कर, कविता शर्मा, मदन लाल गुप्ता, महेश कुमार खत्री, प्रवीण पटेल, रमेश चंद्र दत्तानी, सुशील कुमार मुंधड़ा, अनिल शर्मा, सुशील चोमल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन, छात्राओं और अभिभावकों ने रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

















