Guwa : रथ यात्रा के पावन अवसर पर गुवा के रामनगर स्थित राम मंदिर में श्रद्धा, आस्था और सेवा भाव के साथ महाभोग प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी और खीर का महाभोग प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी गौतम पाठक, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद पाठक तथा स्थानीय समाजसेवियों के सहयोग से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पूजा के दौरान भगवान को महाभोग अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर परिवार की खुशहाली और मंगल की प्रार्थना की। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
महाभोग प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
आयोजकों ने कहा कि रथ यात्रा का पर्व प्रेम, भाईचारे, सेवा और समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर रेनू सिंह, विश्वकेशन महापात्रा, नागेंद्र पाठक सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















