Jamshedpur : रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह में कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार से “ब्यूटीशियन एवं पर्सनालिटी डेवलपमेंट” विषय पर सात दिवसीय विशेष कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को पारंपरिक ज्ञान एवं आधुनिक सौंदर्य तकनीकों से अवगत कराते हुए उनके व्यक्तित्व और व्यावसायिक कौशल का विकास करना है।
संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बॉडी लैंग्वेज, ब्यूटीशियन स्किल्स, त्वचा की देखभाल तथा घरेलू नुस्खों के माध्यम से प्रभावी मेकअप तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा हेयर स्टाइलिंग, ग्रूमिंग और इंटरएक्टिव स्किल्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रैक्टिकल कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ब्यूटीशियन कोर्स की निदेशक सुश्री मुस्कान सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने सौंदर्य एवं कौशल विकास से जुड़े व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। वहीं, व्यक्तित्व विकास पर विशेष सत्र असिस्टेंट प्रोफेसर शीतल कुमारी द्वारा संचालित किया गया।
कार्यशाला की रूपरेखा तैयार करने में प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम में डॉ. रश्मि लुगुन, डॉ. सुमन लता, डॉ. गंगा भोला, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. भूपेश चंद्र, डॉ. किशन कुमार शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार, मंजू गागराई, असिस्टेंट प्रोफेसर अमृता सुरीन और असिस्टेंट प्रोफेसर शिखा सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संस्थान के सचिव गौरव बचन ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त विभिन्न व्यावसायिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी कौशलों की जानकारी देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय पहल साबित होगी।










