रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त ने सभी विभागों संग की तैयारियों की समीक्षा

SHARE:

Jamshedpur:आगामी रामनवमी और चैती छठ पर्व को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी संबंधित विभागों एवं आवश्यक सेवा प्रदाताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन को संवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जुलूस मार्गों और विसर्जन घाटों का संयुक्त सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर बिजली के लटकते तारों को हटाने, निर्माण सामग्री को साफ कराने, जगह-जगह बैरिकेडिंग, वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था तथा जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। जुलूस मार्गों की ड्रोन एवं वीडियो कैमरों से निगरानी, फ्लैग मार्च, भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेज व माइक की व्यवस्था तथा पर्व के दिन शराबबंदी लागू करने की बात भी कही गई। इसके साथ ही शहर में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक (नो-इंट्री) की सूचना जारी करने का निर्देश दिया गया।

आपातकालीन सेवाओं के तहत प्रमुख स्थानों पर चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति, सरकारी एवं निजी एंबुलेंस की तैनाती, अग्निशमन वाहनों और क्रेन-टोचन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर जोर दिया गया।

अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, पेयजल, भीड़ नियंत्रण हेतु वॉलेंटियर की तैनाती, झंडों की निर्धारित ऊंचाई का पालन तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीओ धालभूम अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एडीसी संतोष गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जुस्को, टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रशासन की इस व्यापक तैयारी को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष रामनवमी और चैती छठ पर्व जिले में पूरी शांति और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होंगे।

Leave a Comment