Rajnagar : जिले में बढ़ती चोरी और आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर Rajnagar Police Station सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में मंगलवार को राजनगर थाना परिसर में थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा की अध्यक्षता में क्षेत्र के सोना-चांदी व्यवसायियों, दवा दुकानदारों, पेट्रोल पंप संचालकों एवं अन्य बड़े व्यापारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा अपराध नियंत्रण में पुलिस के साथ समन्वय और सहयोग बढ़ाना था। थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि यह बैठक पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर “मिशन जागरूक” अभियान के तहत आयोजित की गई है, ताकि क्षेत्र में चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दुकान बंद करने के समय कीमती सामानों को सुरक्षित स्थान या अपने घर ले जाएं। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनका कम से कम एक महीने का बैकअप सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे या किसी प्रकार की आपराधिक आशंका हो तो तत्काल राजनगर पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव साझा किए और पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर राजनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों से पहुंचे सोना-चांदी व्यवसायी, दवा दुकानदार, पेट्रोल पंप संचालक एवं अन्य व्यापारी मौजूद रहे।










