प्रेस क्लब गोरखपुर की कमान अब राधेश्याम प्रजापति के हाथों में, कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Gorakhpur : प्रेस क्लब गोरखपुर में उत्पन्न विशेष परिस्थितियों के बीच संस्था की कार्यकारिणी ने वरिष्ठ पत्रकार एवं वर्तमान उपाध्यक्ष राधेश्याम प्रजापति को प्रेस क्लब का कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके मनोनयन के साथ ही संगठन की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर आ गई है। इस निर्णय का पत्रकारों और प्रेस क्लब के सदस्यों ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

प्रेस क्लब गोरखपुर के प्रशासनिक संरक्षक रत्नाकर सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राधेश्याम प्रजापति फिलहाल उपाध्यक्ष के साथ-साथ कार्यवाहक अध्यक्ष का दायित्व भी संभालेंगे। घोषणा के बाद प्रेस क्लब कार्यालय में उनका माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

राधेश्याम प्रजापति के मनोनयन की खबर मिलते ही पत्रकार समुदाय में उत्साह का माहौल देखा गया। विभिन्न माध्यमों से उन्हें बधाई संदेश और शुभकामनाएं भेजी गईं। पत्रकारों ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

वरिष्ठ पत्रकार उदय प्रकाश पांडेय, मनोज श्रीवास्तव गणेश, ओंकारनाथ सिंह, राजेश मणि, दुर्गेश बजाज, अरुण कुमार सिंह, अरकान आलम, अजीत सिंह, शील वर्धन प्रताप सिंह, वहाब खान, जयप्रकाश प्रजापति, शशांक श्रीवास्तव तथा मुर्तुजा हुसैन रहमानी सहित प्रेस क्लब के अनेक सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और निष्पक्षता के साथ करेंगे।

सदस्यों ने उम्मीद जताई कि राधेश्याम प्रजापति संगठन की गरिमा और परंपराओं को बनाए रखते हुए सभी पत्रकारों को साथ लेकर चलेंगे तथा पत्रकार हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। साथ ही प्रेस क्लब की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में सार्थक पहल करेंगे।

पत्रकारों का मानना है कि उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब गोरखपुर में स्वस्थ संवाद, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेस क्लब आने वाले समय में पत्रकारिता के मूल्यों को सशक्त करने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.