Gua : गुवा से मनोहरपुर जाने वाले मार्ग पर करीब चार किलोमीटर दूर स्थित घाटी पहाड़ी मां वन देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि एवं मां काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति देखने को मिली।
मंदिर समिति के संरक्षक साधु चरण सिद्धू और अध्यक्ष गंगा सिद्धू ने मां काली की पूजा-अर्चना कर गुवा और आसपास के गांवों के लोगों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की।
दूर-दराज से दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालु
शारदीय नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु घाटी पहाड़ी स्थित मां वन देवी मंदिर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु माता के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना कर रहे हैं।
अष्टमी पर मां महागौरी की विशेष पूजा
मंदिर समिति के अनुसार, 18 अक्टूबर को अष्टमी के अवसर पर मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके लिए पंडित सुबह सात बजे से मंदिर में उपस्थित रहेंगे। विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
नवमी पर हवन, कन्या पूजन और भंडारा
19 अक्टूबर को नवमी के अवसर पर मंदिर में हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दिन नौ कन्याओं को सजाकर उनका पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही आसपास के गांवों के दिउरियों को लुंगी, धोती और गमछा भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
मंदिर समिति की ओर से नवरात्र के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली और सामाजिक सद्भाव की कामना की जा रही है।
















