हाईकेगोड़ा से चांगीरा तक 3 करोड़ की सड़क का शिलान्यास, विधायक संजीव सरदार ने कहा “गुणवत्ता से समझौता नहीं”

SHARE:

Potka : पोटका प्रखंड के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क संपर्क देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हाईकेगोड़ा चौक से धोवाडूंगरी होते हुए चांगीरा तक बनने वाली सड़क का बुधवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर पोटका के विधायक संजीव सरदार ने सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में शिलान्यास कर परियोजना की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली इस सड़क की लंबाई करीब 3.70 किलोमीटर होगी, जिस पर लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत आएगी। लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों में शिलान्यास के बाद खुशी का माहौल देखा गया।


यह सड़क हाईकेगोड़ा, धोवाडूंगरी और चांगीरा सहित आसपास के गांवों को जोड़ते हुए ग्रामीण संपर्क को मजबूत करेगी। खासकर बारिश के मौसम में जहां लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी, वहां इस सड़क के बनने से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी।

इस मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

विधायक ने संबंधित विभाग और संवेदक को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्माण कार्य की निगरानी करें और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत दें।

कार्यक्रम में मुखिया कान्हू मुर्मू, रामप्रधान बीरसिंह बास्के, कीस्टो भूमिज, वार्ड सदस्य चंपा हेम्ब्रम, बिनोद महतो, भोला बोदरा, जगत मार्डी, भागवत मार्डी, माया हेम्ब्रम, सिदु हेम्ब्रम, जनता सरदार, मानू भूमिज, गंगारानी बोदरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment