Chandil : चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहुप्रतीक्षित पितकी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब पितकी रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। ओवरब्रिज का लोकार्पण 22 अगस्त को होगा। समारोह में रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान लंबे समय तक जाम लगने से स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरी-पेशा लोगों और आम राहगीरों को परेशानी होती थी। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
पहले 31 जुलाई तक ओवरब्रिज को चालू करने की तैयारी थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण काम प्रभावित हुआ। बारिश से ओवरब्रिज पर बिछाया गया मेटेरियल खराब हो गया, जिसे हटाकर दोबारा बिछाया गया। इसके बाद कालीकरण, सुरक्षा संकेतक और अन्य जरूरी कार्य पूरे किए गए।
तीन रेलवे ट्रैक के कारण निर्माण चुनौतीपूर्ण
पितकी ओवरब्रिज का निर्माण तीन रेलवे ट्रैक के ऊपर होने के कारण चुनौतीपूर्ण रहा। चांडिल जंक्शन करीब 500 मीटर की दूरी पर होने से स्टील गार्डर लॉन्चिंग के दौरान ट्रेनों के परिचालन को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।
चांडिल-पुरुलिया मार्ग कोल्हान को झारखंड के विभिन्न हिस्सों के साथ पश्चिम बंगाल के पुरुलिया, आसनसोल और दुर्गापुर से जोड़ता है। ओवरब्रिज शुरू होने से यात्रियों के समय की बचत होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य की निगरानी और समय पर पूरा कराने को लेकर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ अधिकारियों के संपर्क में रहे। बारिश के कारण अंतिम चरण में आई बाधाओं को दूर करने के बाद अब लोकार्पण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
















