उन्नति का पहिया’ योजना के तहत नोवामुंडी में 400 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : नोवामुंडी प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को झारखंड सरकार की ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जगन्नाथपुर के विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने 400 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की।

इस अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से विशेष रूप से दूरदराज के गांवों के विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे बेहतर ढंग से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने सरकार की इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में समय की बचत होगी और आर्थिक बोझ भी कम होगा।

इस अवसर पर कांग्रेस नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, हस्लुद्दीन खान, सूरज चंपिया, प्रदीप प्रधान, रघुनाथ राउत, विलास प्रजापति, सलीम कुरैशी, प्रदीप नाग सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.