Jamshedpur : करनडीह फाटक से परसुडीह बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर बहुमंजिला इमारतों से निकल रहे दूषित पानी के लगातार ओवरफ्लो की समस्या को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जमशेदपुर प्रखंड समिति ने शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचलाधिकारी (सीओ) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
झामुमो नेताओं ने अधिकारियों को बताया कि कई वर्षों से अपार्टमेंटों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों, स्थानीय लोगों और किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा दूषित पानी धर्मटोला, करनडीह और लाइन टोला के आसपास स्थित खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि जलजमाव और गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे हर वर्ष मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बना रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

झामुमो नेताओं ने बताया कि करनडीह फाटक से परसुडीह बाजार जाने वाली यह सड़क क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। इसी मार्ग पर कई स्कूल, शैक्षणिक संस्थान और धार्मिक स्थल भी स्थित हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बदबू और गंदगी के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
झामुमो ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सड़क पर बह रहे दूषित पानी से लोगों को राहत मिल सके, किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके और क्षेत्र में बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
प्रखंड सचिव जगत मार्डी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के दौरान सरोज मंडल, पप्पू उपाध्याय, मनोज नाहा, मिथुन चक्रवर्ती, बहादुर किस्कु, बल्ही मार्डी, रमेश उपाध्याय समेत कई झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









