नितिन गडकरी ने झारखंड को दी बड़ी सौगात, हजारों करोड़ की लागत से बनेंगी कई सड़कों और नेशनल हाइवे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने साझा की जानकारी, प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री गडकरी का जताया आभार

रांची। झारखंड के सड़क ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य को कई सड़क परियोजनाओं की सौगात दी है। इन परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसके पूरा होने पर राज्य के विभिन्न जिलों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।इस बारे में जानकारी गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के गोड्डा समेत आसपास के इलाकों के लिए यह ऐतिहासिक फैसला है। अच्छी सड़कों के निर्माण से जहां लोगों को सहूलियत मिलेगी वहीं व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कहाँ-कहाँ बनेंगी सड़कें

सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि—

  • महगामा से एकचारी तक चार लेन की सड़क बनेगी, जिस पर 1500 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
  • देवघर से हंसडिहा तक चार लेन की सड़क बनाई जाएगी, जिसकी लागत 1700 करोड़ रुपये होगी।
  • देवघर से मधुपुर तक चार लेन की सड़क और बाईपास बनेगा, जिस पर कुल 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
  • हंसडिहा के म्हारो मोड़ भाया नोनीहाट तक नया हाइवे बनाया जाएगा।

नए नेशनल हाइवे की सौगात

  • मधुपुर से जामताड़ा भाया मरगोमुंडा होकर नया नेशनल हाइवे बनेगा।
  • बाराहाट से कहलगां तक नया नेशनल हाइवे का निर्माण होगा।
  • गोड्डा से ढाकामोड़ तक नेशनल हाइवे तैयार किया जाएगा।

रिवर फ्रंट का भी विकास

सड़क परियोजनाओं के अलावा, गोड्डा के लिए कझिया रिवर फ्रंट और देवघर के लिए ढ़डवा रिवर फ्रंट तैयार किए जाएंगे। इससे इन इलाकों का पर्यटन और सौंदर्यीकरण भी होगा।

प्रधानमंत्री और गडकरी को धन्यवाद

गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से झारखंड का सड़क नेटवर्क मजबूत होगा और आने वाले समय में यह राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

The specified slider id does not exist.