नेपाली नववर्ष पर गोलमुरी में भव्य समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

SHARE:

Jamshedpur : गोलमुरी स्थित नेपाली सेवा समिति परिसर में नेपाली समाज के गोर्खा परिवारों द्वारा नेपाली नववर्ष का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत समिति परिसर स्थित श्री श्री पशुपतिनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां समाज के लोगों ने अपने परिवार, समाज और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात सभी ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहु, समाजसेवी विकास सिंह, टी.के. राय, उमेश गुरूंग, समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विजय कुमार दमाई एवं परिषद चेयरमैन गोपाल सिंह थापा ने भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

विधायक पूर्णिमा साहु ने उपस्थित लोगों को नववर्ष की बधाई देते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं समिति के अध्यक्ष विजय कुमार दमाई ने कहा कि नया साल नई ऊर्जा, उमंग और उत्साह के साथ समाज एवं देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम का संचालन महासचिव शंकर थापा ने किया। इस दौरान स्थानीय कलाकार बच्चों ने सांस्कृतिक सचिव ज्योति अधिकारी के निर्देशन में नेपाली सांस्कृतिक नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।

इसके अलावा, जमशेदपुर के प्रसिद्ध जादूगर तरुण शंकर ने अपनी आकर्षक जादुई प्रस्तुतियों से सभी का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों, परिषद सदस्यों, युवा टीम और आजीवन सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment