मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहर में किया भ्रमण और कंट्रोल रूम का निरीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!




जमशेदपुर, 6 जुलाई 2025।
मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूर्वी सिंहभूम द्वारा विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रविवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने साकची स्थित कंपोजिट कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और CCTV कैमरों के माध्यम से प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

अखाड़ा जुलूस स्थलों का स्थलीय निरीक्षण

इसके पश्चात वरीय अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अखाड़ा जुलूस स्थलों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पदाधिकारियों को सतर्क रहने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों से शांति, भाईचारे और आपसी प्रेम के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

मेडिकल टीम और स्वयंसेवकों को दिए गए निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेडिकल टीम, स्वयंसेवकों और अन्य सहयोगी कर्मियों को आपात स्थितियों से निपटने के लिए सतर्क और तत्पर रहने को कहा। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी विभाग जिला नियंत्रण कक्ष से सतत संपर्क में रहें और किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करें।

सोशल मीडिया पर प्रशासन की निगरानी

उपायुक्त श्री सत्यार्थी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष निगरानी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली या अफवाह फैलाने वाली किसी भी पोस्ट पर तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों की पहचान कर विधिसम्मत दंड सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने आमजन को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि में लिप्त न हों, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शांति समिति और निगम अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान नगर निगम, पुलिस प्रशासन, शांति समिति के सदस्य, दंडाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें